Wednesday, April 27, 2011

जनता जनार्दन के कारनामें



जिस जनता के लिए कानून बनाया जाता है वही जनता कानून तोड़ती है। ‍जो जनता सत्ता में तानाशाह या भ्रष्टों को बिठाकर स्वयं पर अत्याचार करने के लिए बाध्य करती है वही जनता जन आंदोलन कर सत्तापक्ष को उखाड़ने की बात करती है।




जो जनता लोकतंत्र से उकता गई है वह तानाशाही का पक्ष लेती है और जो तानाशाही से त्रस्त हो गई है वह लोकतंत्र की मांग करती है और जो दोनों से उकता गई है वह धार्मिक कानून या कट्टरवाद के पक्ष में हाथ उठाती है। इस सबके अलावा वह कम्युनिज्म के भी पक्ष में हो ही लेती है।


दरअसल जनता को दिमाग नहीं होता, कहना चाहिए की भीड़ एक दिमागहीन झूंड है। ऐसा झूंड जो कभी भी कुछ भी सोच और कर सकता है। धर्म, कम्यूनिज्म या अन्य कोई भी व्यवस्था जनता ने जनता के लिए ही बनाई है और जनता ही उसके जाल में उलझकर मर गई।


क्या आपको नहीं लगता की धर्म, समाजवाद और राजनीति उसी तरह है कि जनता ने उन्हें अजर अमर रहने का वरदान दिया और अब वह ही जनता को मारने में लग गए- भस्मासूर। हालांकि जनता को भी मरने में मजा आता है तभी तो अराजकता, क्रांति और असंतोष बना हुआ है और यह बना ही रहेगा।


क्योंकि पृथ्वी घुम रही है, दिन और रात होते रहे हैं और इस घुर्णण गति के चलते जो अमेरिका कभी भारत की जगह था आज अमेरिका है और अब वह फिर से भारत होना चाहता है। सोचे कि हम बहत आधुनिक हो लिए अब बर्बर युग या कहें कि मध्य युग की ओर जनता लौटना चाहती है, लेकिन वह दोष इस्लाम को देती है, लोकतंत्र को देती है और ना जाने किस किस तंत्र मंत्र को।

खैर, आज इतना ही। इतने से ही आप जनता बनने से बच जाएं तो मैं समझूंगा की मेरा लिखना सार्थक हुआ अन्यथा तो बड़े बड़े बक बक कर मर गए पर तोताराम तो तोता ही रहे।

Friday, April 22, 2011

आवारा विचारों के झरोखों से..



कचरा चीजों को दिमाग में रखने का कोई तुक नहीं, जैसे दुनिया के सारे संविधान, धर्म के कानून, कम्युनिस्टों की विचारधाराएँ और संसार की वे सारी बातें जिससे परिवार, समाज या राष्ट्र में अलगाव फैलता हो या जो बचकानी हो। व्यर्थ का डाडा दिमाग में रखने से बेहतर है कि इसे फार्मेट कर दें। वही चीजें रखें जो जीवन को सुंदर, शांतिपूर्ण, संगीतमय और अहिंसक बना सकें। बुद्धत्व के करीब ला सके।


दुनिया में ऊँच-नीच, असमानता, नक्सलवाद, आतंकवाद आदि सभी बुराईयों का कारण है लोगों का लोगों के साथ व्यवहार का तरीका और भेदभाव किया जाना। बड़ी और महँगी शिक्षा दी जाती है, लेकिन यह नहीं सीखाया जाता है कि हम लोगों से किस तरह से मिले और हम सकारात्मक कैसे सोचें।


एक हिंदू मुसलमान से मिलते वक्त यह सोचकर मिलता है कि यह एक मुसलमान हैं उसी तरह मुसलमान भी सोचता है। गरीब से मिलते वक्त अमीर यह सोचकर मिलता हैं कि यह गरीब हैं। सारे भारतीय अमेरिकियों से मिलते वक्त यह सोचते हैं कि यह गोरे हैं हमसे श्रेष्ठ हैं। यही सोच घातक हैं।



कितना अजीब है कि एक आदमी जब किसी दूसरे आदमी से मिलता है तो यह नहीं सोचता की यह भी आदमी है, जबकि जंगल का कोई भी पशु और पक्षी इस मामले में मनुष्यों से बेहतर है। एक शेर को अपने धर्म, क्षेत्र और भाषा का नाम नहीं मालूम। अच्छा है कि उसे यह सब कुछ मालूम नहीं हुआ अन्यथा वह मानवों के खतम करने से पहले ही अपना अस्तित्व मिटाने का इंतजाम कर लेता।................